देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है कि देहरादून के प्रतिष्ठित व्यवसायी अनुज रस्तोगी ने ‘मिस्टर इंडिया सीनियर सुपर मॉडल 2025-26 (सीजन 2)’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है. नोएडा स्थित टी-सीरीज लक्ष्मी वीडियो स्टूडियो, फिल्म सिटी में आयोजित इस भव्य मॉडलिंग पेजेंट में जीत हासिल कर उन्होंने न केवल अपना बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है.
अनुज रस्तोगी उत्तराखंड के एक जाने-माने व्यापारिक संस्थान ‘जुगल किशोर एंड कंपनी’ (Jugal Kishore & Co.) के स्वामी हैं. तीन दिनों तक चली इस कड़ी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली मॉडल्स ने शिरकत की थी. प्रतियोगिता के हर राउंड में अनुज ने अपने अद्वितीय प्रदर्शन, शानदार व्यक्तित्व और आत्मविश्वास से बढ़त हासिल की और अंततः विजेता का ताज पहना.
इस कार्यक्रम में फैशन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें प्रसिद्ध डिजाइनर सूफी साबरी, शो डायरेक्टर राहुल दुबे, प्रनय दीक्षित और शो ऑर्गनाइजर तनवीर अहमद कुरैशी शामिल थे.
अनुज रस्तोगी की झोली में इससे पहले भी कई बड़ी उपलब्धियां रही हैं. उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘राइजिंग स्टार’ के खिताब से नवाजा जा चुका है. साथ ही, उन्हें ‘बोर्डरूम टू कैटवॉक’ अवार्ड के लिए बॉलीवुड दिवा ईशा देओल द्वारा भी सम्मानित किया गया था.
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर अनुज रस्तोगी ने अपनी माता श्रीमती रेखा रस्तोगी, पत्नी श्रुति रस्तोगी, बहन श्रद्धा और पुत्र अथर्व का आभार व्यक्त किया है.