छावनी परिषद गढ़ी कैंट, देहरादून द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की आम जनता ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर अपनी विभिन्न समस्याओं को परिषद के समक्ष रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता छावनी परिषद देहरादून के अध्यक्ष ब्रिगेडियर आर.एस. थापा (डिप्टी जीओसी आर्मी) द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) श्री हरेंद्र सिंह, आईडीईएस, पूर्व छावनी उपाध्यक्ष, सभासदगण तथा छावनी परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता दरबार में लोगों ने छावनी क्षेत्र में अवैध निर्माण, सड़कों पर अतिक्रमण से लगने वाले ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या, पेयजल संकट, स्वच्छता, नालियों की स्थिति, सड़कों की बदहाली तथा क्षेत्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति जैसी गंभीर नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। छावनी परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य अधिशासी अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए।
इस अवसर पर मुख्य अधिशासी अधिकारी श्री हरेंद्र सिंह द्वारा जनता को छावनी क्षेत्र में चल रहे एवं स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी दी गई, जिनमें सीवरेज लाइन की स्वीकृति, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट हेतु ट्रेंचिंग ग्राउंड, तथा कूड़े के निस्तारण एवं सफाई व्यवस्था से संबंधित कार्य शामिल हैं। साथ ही छावनी परिषद द्वारा संचालित नवनिर्मित सामुदायिक भवन के उपयोग से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
जनता दरबार में प्रेमनगर दशहरा मैदान में निर्मित स्टेडियम, प्रेमनगर स्थित बैडमिंटन कोर्ट, प्रेमनगर विंग नंबर–3 (एमडीएफ पार्क बाजार क्षेत्र) में अवैध रूप से बढ़ती ठेलियों की समस्या जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त बैठक के दौरान प्रेमनगर विंग नंबर–5 में कैंट बोर्ड की संपत्ति पर बने नामित सदस्य के कार्यालय को लेकर सवाल उठाए गए। आरोप लगाया गया कि उक्त स्थान का उपयोग भाजपा कार्यालय के रूप में किया जा रहा है, जिस पर बैठक में उपस्थित लोगों के बीच काफी चर्चा देखने को मिली। वहीं बैठक में नामित सदस्य की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही।