डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में घंटाघर स्थित आंबेडकर पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियाँ जलाकर और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बाबा साहब को नमन किया। लालचंद शर्मा ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस हमें बाबा साहब के उन संघर्षों की याद दिलाता है जो उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा के लिए लड़े। आज जब संविधानिक संस्थाओं पर लगातार दबाव और खतरे पैदा किए जा रहे हैं, तब आंबेडकर के सिद्धांत हमारा मार्गदर्शन और शक्ति हैं। हम उनके सपनों के भारत को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि अधिकार तभी सुरक्षित रहते हैं जब समाज सजग और एकजुट रहे। महापरिनिर्वाण दिवस केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में लाने का संकल्प है। हम आंबेडकर के आदर्शों के अनुरूप हर कमजोर और वंचित वर्ग के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस मौके पर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील कुमार बागा, हिमांशु खुराना, महेंद्र सिंह, शोभाराम, प्रदेश महामंत्री देवेंद्र खबरिया उपस्थिति रहे।