उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता नितिन दत्त बुड़ाकोटी ने संयुक्त निदेशक, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), उत्तराखंड के क्षेत्रीय कार्यालय में स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितताओं से संबंधित प्रदेश में गतिमान सीबीआई जांच में उत्तराखंड बेरोज़गार संघ द्वारा पूर्व में उत्तराखंड पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को उपलब्ध कराए गए ऑडियो वीडियो साक्ष्यों एवं उनसे संबंधित परीक्षा से ठीक एक दिन पूर्व हुई गिरफ्तारियों को भी सीबीआई जांच के दायरे में सम्मिलित करते हुए एक समग्र, निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया ताकि दोषियों पर कठोरतम कार्यवाही की जा सके और निर्दोष अभ्यर्थियों को न्याय प्राप्त हो सके।
उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में व्यापक स्तर पर हुई अनियमितताओं के प्रकरण में वर्तमान में सीबीआई द्वारा जांच की जा रही है, जो कि प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। इस प्रकरण में उत्तराखंड बेरोज़गार संघ द्वारा समय-समय पर उत्तराखंड पुलिस/ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को ऑडियो, वीडियो एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराए गए, जिनके आधार पर परीक्षा से एक दिन पूर्व 20 सितंबर 2025 को कुछ व्यक्तियों की गिरफ्तारियां भी की गई थी, जिसमें गिरफ्तार हुए एक व्यक्ति द्वारा किसी अभ्यार्थी से परीक्षा में ओएमआर सीट खाली छोड़ने और उसे स्वयं परीक्षा कराने वाली एजेंसी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय में भरने की बात फोन कॉल्स पर किसी से कही जा रही थी। ये गिरफ्तारियां एवं उनसे संबंधित तथ्य इस बात की ओर संकेत करते हैं कि परीक्षा में अनियमितताओं का नेटवर्क व्यापक एवं संगठित हो सकता है। इस मौके पर उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के प्रदेश प्रवक्ता नितिन दत्त बुड़ाकोटी भी मौजूद रहे।