स्वर्गीय श्री हरबंस कपूर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज स्व. हरबंस कपूर मेमोरियल ट्रस्ट — “सेवा परमों धर्म” द्वारा स्व. हरबंस कपूर मेमोरियल मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंधाल में किया गया। टूर्नामेंट में कैंट, राजपुर, मसूरी एवं धरमपुर विधानसभा की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. हरबंस कपूर जी को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। उपस्थित अतिथियों एवं परिजनों ने कहा कि श्री हरबंस कपूर जी का संपूर्ण जीवन सेवा, सरलता और समाज उत्थान को समर्पित रहा है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर समाजहित के कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।
मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में धरमपुर विधानसभा की टीम ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि राजपुर विधानसभा की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और टीम स्पिरिट का परिचय दिया।
आयोजन स्थल पर कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी जी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर जी ने सभी टीमों, खिलाड़ियों एवं आयोजन दल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं, इसलिए इन्हें समय–समय पर आयोजित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में राजपुर विधायक श्री खजान दास जी, धरमपुर विधायक श्री विनोद चमोली जी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।