उत्तराखंड सिनेमा के इतिहास में एक ऐतिहासिक पल जुड़ गया है। Cinefixtion Entertainment उत्तराखंड की पहली म्यूज़िकल कल्चरल फ़िल्म का निर्माण करने जा रही है, जिसकी आज दिनांक 1 जनवरी 2026 को विधिवत शुरुआत हुई।
इस महत्वाकांक्षी फ़िल्म का निर्देशन कर रहे हैं शुभम सेमवाल। फ़िल्म की कहानी प्रसिद्ध विद्वान आचार्य डॉ. कृष्णानंद नौटियाल जी द्वारा लिखित “चरव्यू” पर आधारित है। संगीत निर्देशन की ज़िम्मेदारी अखिल मौर्य निभा रहे हैं। वहीं शैलेश नौटियाल फ़िल्म में एसोसिएट डायरेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका में नज़र आएंगे।
इस भव्य प्रोजेक्ट का निर्माण Kedargathi Mandaan एवं Cinefixtion Entertainment के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। फ़िल्म के निर्माता हैं अनिरुद्ध सिंह बघेल, जो उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुहूर्त समारोह
आज फ़िल्म का मुहूर्त केदारनाथ की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल जी के देहरादून स्थित आवास पर संपन्न हुआ। आशा नौटियाल जी ने फ़िल्म का विधिवत क्लैप किया और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक फ़िल्में उत्तराखंड की परंपराओं और लोकसंस्कृति को वैश्विक मंच पर पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेंगी।
इस अवसर पर केदारघाटी मंडाण के संरक्षक श्री नरेंद्र रौथाण जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने मुहूर्त समारोह को और भी गरिमामय बना दिया।
यह फ़िल्म उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, संगीत और परंपराओं को भव्य सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करेगी और दर्शकों के दिलों से जुड़ने का कार्य करेगी।