राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला (नैशविल रोड) में महिलाओं द्वारा पहली बार आयोजित की जा रही रामलीला ने क्षेत्र में एक नई सांस्कृतिक मिसाल कायम की है। इस रामलीला का मंचन पूर्णतः महिलाओं के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण सहित सभी पात्रों की भूमिकाएँ महिलाएं ही निभा रही हैं।
इस प्रेरणादायक आयोजन में लक्ष्मी मालसी, कमला देवी, लक्ष्मीदत्त सहित अन्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और अथक प्रयासों से रामलीला का सफल मंचन किया जा रहा है। आज रामलीला का तीसरा दिन रहा, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों ने पहुंचकर रामलीला का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
रामलीला मंच का शुभारंभ मुख्य अतिथि लालचंद शर्मा जी द्वारा रिबन काटकर किया गया। उन्होंने महिलाओं की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वाति नेगी एवं उदवीर सिंह पंवार की विशेष उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट अभिनय, संवाद अदायगी और मंच अनुशासन की खुले दिल से सराहना की और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर लक्ष्मी मालसी, कमला देवी, लक्ष्मी दत्त, सुनीता जोशी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आयोजन से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और रामलीला को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में भी रामलीला का मंचन पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ जारी रहेगा। यह आयोजन नारी शक्ति, आस्था और संस्कृति का सुंदर संगम बनकर उभर रहा है।