अंकिता भंडारी न्याय आंदोलन के समर्थन में वाम दलों की संयुक्त बैठक, सीबीआई जांच की मांग

तीन वामपंथी पार्टियों – भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) की संयुक्त बैठक माकपा राज्य कार्यालय, कॉमरेड पूरनचन्द्र स्मृति भवन, न्यू गांधी ग्राम देहरादून में हुई. वाम नेताओं ने राज्य में अंकिता भंडारी के न्याय के लिए चल रहे आंदोलन के साथ पूर्ण एकजुटता जाहिर की और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक एवं स्वतंत्र पहालकदमियों का समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया.

वाम नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी ही हत्या का कारण है, इसलिए बिना वीआईपी की शिनाख्त किये और उसे सजा दिलाए, अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय नहीं हो सकता है. भाजपा से जुड़े लोगों ने जिन दो नेताओं- दुष्यंत कुमार गौतम और अजय कुमार- का नाम वीआईपी के तौर पर लिया गया, उन्हें न्याय कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए. चूंकि लीक ऑडियो में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को बचाने के लिए सीबीआई जांच नहीं होने दी, इसलिए पुष्कर सिंह धामी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए.

अंकिता भंडारी के न्याय का सवाल सिर्फ एक लड़की के न्याय का सवाल नहीं है बल्कि ये उत्तराखंड में लड़कियों- महिलाओं की सुरक्षा का सवाल है. यह प्रदेश में पर्यटन का थाईलैंड मॉडल न पनपे, इस बात का भी संघर्ष है. वाम नेताओं ने कहा कि 11 जनवरी को टिहरी राजशाही के खिलाफ निर्णायक शहादत देने वाले कॉमरेड नागेंद्र सकलानी और कॉमरेड मोलू भरदारी का शहादत दिवस है और उस दिन प्रदेश भर में वामपंथी पार्टियां अंकिता भंडारी के न्याय और इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच के लिए मजबूती से सड़क पर उतरेंगी.

वाम नेताओं ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंधक बनाए जाने की तीव्र निंदा की और कहा कि साम्राज्यवादी अमेरिका, वेनेजुएला के संसाधनों पर कब्जा करने की लिप्सा के लिए एक संप्रभु मुल्क को तहस-नहस करने पर तुला है. दुनिया की शांतिकामी जनता को अमेरिकी साम्राज्यवाद के नापाक इरादों के विरुद्ध मजबूती से उठ खड़ा होना होगा.

बैठक में भाकपा के पूर्व राज्य सचिव कॉमरेड समर भंडारी, माकपा के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र पुरोहित, भाकपा (माले) के राज्य सचिव कॉमरेड इन्द्रेश मैखुरी, भाकपा के राज्य काउंसिल के सदस्य कॉमरेड अशोक शर्मा, माकपा के राज्य सचिव मण्डल सदस्यगण कॉमरेड अनंत आकाश, कॉमरेड इंदु नौडियाल, कॉमरेड नितिन मलेठा आदि शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *