श्रीराम कॉलोनी, पटेल नगर में बहुमंजिला बिल्डिंग से उत्पन्न समस्याओं को लेकर कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित

पटेल नगर निरंजनपुर सब्जी मंडी के निकट, सहारनपुर रोड स्थित श्रीराम कॉलोनी में कॉलोनीवासियों एवं कॉलोनी कार्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलोनी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का प्रमुख विषय कॉलोनी के बीचों-बीच निर्मित बहुमंजिला बिल्डिंग एवं उसके किरायेदारों के कारण उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याएँ रहीं। कॉलोनीवासियों ने एक स्वर में कहा कि उक्त बिल्डिंग के निर्माण से कॉलोनी में वाहनों की पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पूरी-पूरी रात ऑनलाइन डिलीवरी वाहनों के आने-जाने से कॉलोनी की शांति भंग हो रही है।

कॉलोनीवासियों ने यह भी बताया कि बिल्डिंग में बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना, शोर-शराबा तथा जन्मदिन जैसी पार्टियों का आयोजन आम हो गया है, जिससे आसपास निवास कर रहे परिवार अत्यधिक परेशान हैं। पूर्व में बिल्डिंग मालिक द्वारा किसी भी प्रकार की समस्या न होने का आश्वासन दिया गया था, किंतु वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि बिल्डिंग का निर्माण स्वीकृत मानकों से अधिक ऊँचाई में किया गया प्रतीत होता है।

बैठक में उपस्थित कॉलोनी अध्यक्ष नितिन राज अग्रवाल, कॉलोनी संरक्षक एवं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, अनुराधा सिंह, सचिव मनीष तोमर, कौशल, अध्यक्ष उमेश कुमार, अलका जैन, कमल चावला, रवि कश्यप सहित समस्त कॉलोनीवासियों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि इस विषय को प्रशासन के समक्ष सामूहिक रूप से रखा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी की शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

भवदीय

 सतीश कश्यप

क्षेत्रीय पार्षद, ब्रह्मपुरी वार्ड–74

नगर निगम देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *