आम जन की समस्याओं को लेकर आज पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष तथा पूर्व पार्षद विजय प्रताप मल्ल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा नगर निगम में महापौर को ज्ञापन दिया गया। जिसमें मुख्य रूप से महिलाओं के लिए मुख्य बाजारों में शौचालय की व्यवस्था न होना, नगर निगम कर्मचारियों द्वारा खुले में कूड़े को जलाने और निगम अन्तर्गत विभिन्न समस्याओं के लिए एकल खिड़की व्यवस्था न होने का हवाला दिया गया।
ज्ञापन में पलटन बाजार जैसे मुख्य जन दबाव वाले क्षेत्रों में महिलाओं के लिए ’पिंक शौचालय’ की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा नगर निगम की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए केवल एक टोल फ्री नंबर जारी करने की मांग की गई, जिसमें टैक्स, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, स्ट्रीट लाइट, गंदगी या नाली चोक होने आदि की जानकारी एक ही टोल फ्री नंबर से आमजन हासिल कर सके। कई क्षेत्रों में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा कूड़े के समुचित निस्तारण के बजाय खुले में कूड़ा जलाने को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कार्यवाही की मांग भी की गई।
प्रतिनिधि मंडल में डी ए वी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष तथा पूर्व पार्षद विजय प्रताप मल्ल के साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता विजयेश नवानी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पंकज क्षेत्री, पत्रकार आशीष उनियाल, समाजसेवी विक्रम गुसाईं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल आदि उपस्थित रहे।